Monday, 21 April 2014

मैंने वो हरेक लफ़्ज सुना है 
जो तुमने कभी कहा ही नहीं -
दरअसल मैं अक्सर वही सब सुन पाती हूँ 
जो तुम्हारी रूह के इर्द गिर्द नागफनी सा उगा रहता है 
कई बार उस आवाज़ से उलझ कर 
मेरी बेबसी के टुकड़े टुकड़े हुये हैं 
और अनसुनी कराहों की अनगिनत मौतें हुईं हैं ....

मैं हर दिन आसमान का भटकना 
और शीशों का टूटना महसूस करती हूँ 
लेकिन हार जीत के खिलाफ 
उलटते पासों की सरगोशियाँ
अब तक मेरी बर्दाश्त के बाहर है ...
हाँ ,वक़्त आने पर मेरे गीतों की खामोश धुनें 
तुम्हारी समझ के घेरे में आ ही जाएंगी 
पर तब तक तुम्हारी आँखों का रंग 
लाल से सफ़ेद हो चुका होगा ...!

मैं जानती हूँ कि अनसुना रह जाना 
कितना तकलीफ देता है !
लेकिन किस्मत की लकीरें बदलने के लिए 
पत्थरों का नुकीला होना ज़रूरी नहीं -
दुनिया भर  के तमाम अहसासों के साथ 
यह महसूसना भी उतना ही सुकून देता है 
कि हार जीत की धूप छांव से परे उग रही 
वक़्त की नन्ही कोंपलों को
मेरे माथे की चमक से सहलाना 
उनके दरख्त बन जाने तक उतना ही ज़रूरी है 
जितना ज़रूरी तुम्हारे लिए
भीड़ में अकेला होना है ....!!!!!

No comments:

Post a Comment